ईरान ने ‘कासिम बशीर’ बैलिस्टिक मिसाइल का किया अनावरण, बढ़ा पश्चिम एशिया में तनाव
ईरान ने ‘कासिम बशीर’ बैलिस्टिक मिसाइल का किया अनावरण, बढ़ा पश्चिम एशिया में तनाव
अमेरिका और इजराइल को ईरान की दो-टूक चेतावनी—जरूरत पड़ी तो ठिकानों को बनाया जाएगा निशाना; 1,200 किमी की मारक क्षमता वाली मिसाइल में हाई-टेक दिशानिर्देश प्रणाली
अपने परमाणु कार्यक्रम और यमन के हूतियों को समर्थन को लेकर बढ़ते अमेरिकी दबाव के बीच ईरान ने रविवार को ठोस ईंधन वाली अत्याधुनिक बैलिस्टिक मिसाइल ‘कासिम बशीर’ का अनावरण कर पश्चिम एशिया में हलचल मचा दी है। इस मिसाइल का निर्माण ईरान के रक्षा मंत्रालय ने किया है और इसे 17 अप्रैल को सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया।
ईरान के रक्षा मंत्री जनरल अजीज नसीरजादेह ने सरकारी टीवी पर दिए साक्षात्कार में बताया कि इस मिसाइल की मारक क्षमता 1,200 किलोमीटर है और यह बिना GPS के भी सटीक लक्ष्य भेदने में सक्षम है। यह कई परतों वाली रक्षा प्रणाली को भेद सकती है और युद्ध के दौरान मार्ग बदलने की तकनीक से लैस है।
अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ द्वारा ईरान को चेतावनी देने के बाद यह कदम सामने आया है। नसीरजादेह ने जवाबी बयान में कहा कि अगर अमेरिका या इजराइल ने कोई युद्ध छेड़ा, तो ईरान उनके हितों, ठिकानों और सुरक्षाबलों को निशाना बनाएगा—चाहे वे कहीं भी हों।
यह घोषणा ऐसे वक्त में आई है जब यमन के हूतियों ने हाल ही में इजराइल के बेन गुरियन हवाई अड्डे पर मिसाइल हमला किया है, जिससे क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है। इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने हूतियों और उनके समर्थकों के खिलाफ “कड़ा जवाब” देने का ऐलान किया है। ऐसे में ‘कासिम बशीर’ मिसाइल की तैनाती एक कड़ा रणनीतिक संकेत माना जा रहा है।













