RANCHI :रिम्स के 4 डॉक्टर वाटरफॉल में नहाते समय डूबे,1 की जान चली गयी
इस घटना की खबर लगते ही रिम्स अस्पताल परिसर में शोक की लहर फैल गई।
रिम्स अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों की टीम ने जांच के बाद डॉ. अभिषेक खलखो को मृत घोषित कर दिया
रांची (BNE ): झारखण्ड की राजधानी रांची से एक बेहद दुखद मिल रही है। यहाँ के प्रसिद्ध बड़े हॉस्पिटल रिम्स के डॉक्टर्स का एक समूह ,जिसमे लगभग 26 इंटर्न डॉक्टर शमल थे, करीब 40 किलोमीटर दूर एक वाटरफाल में नहाने के लिए गए हुए थे। नहाते समय 4 डॉक्टर डूबने लगे ,जिनमे से एक डॉक्टर की जान चली गयी इस घटना की खबर लगते ही रिम्स अस्पताल परिसर में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, रांची के बरियातू स्थित रिम्स अस्पताल के 2019 एमबीबीएस बैच के 26 इंटर्न डॉक्टर रविवार को पिकनिक के लिए रांची से लगभग 40 किलोमीटर की दूरी पर खूंटी जिले के तोरपा स्थित प्रसिद्ध पेरवाघाघ वाटरफॉल गए थे। वहां मौज-मस्ती के दौरान डॉ. अभिषेक खलखो, डॉ. कीर्तिवर्धन, डॉ. जासुआ टोप्पो और डॉ. अजय मोदी सहित कुछ अन्य डॉक्टर पानी में उतरकर नहाने लगे। पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण ये चारों डॉक्टर डूबने लगे।
डूबते देख डॉक्टरों के अन्य साथियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय गोताखोरों ने झरने के गहरे पानी में उतरकर तीन इंटर्न डॉक्टरों को तो सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन डॉ. अभिषेक खलखो को जब पानी से बाहर निकाला गया तो उनकी हालत बेहद गंभीर थी। आनन-फानन में उन्हें तोरपा के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों की टीम ने तत्काल उन्हें रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया।
रिम्स अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों की टीम ने जांच के बाद डॉ. अभिषेक खलखो को मृत घोषित कर दिया। रिम्स अस्पताल के एक डॉक्टर की पेरवाघाघ वाटरफॉल में डूबकर हुई मौत की सूचना मिलने के बाद पूरे अस्पताल परिसर में मातम छा गया। डॉ. अभिषेक खलखो एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद रांची के रिम्स अस्पताल में इंटर्नशिप कर रहे थे। मृतक डॉक्टर मूलरूप से खूंटी के रहने वाले थे, लेकिन उनका पूरा परिवार महाराष्ट्र के नागपुर में शिफ्ट हो गया था।













