बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। राजस्व अधिकारियों पर रिश्वत मांगने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। पैसा न देने पर उनके मकान बुलडोजर से ढहाने की धमकी दे डाली। इसके बाद लाखों रुपये की आरसी ग्रामीणों के नाम से काट दी गई। मामले की जानकारी ग्रामीणों ने भाजपा विधायक को दी। इसके बाद डीएम से शिकायत करने के लिए ग्रामीणों के साथ भाजपा विधायक कलेक्ट्रेट पहुंच गए।
मामला तिर्वा तहसील के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के पूराराय गांव का है। यहां के रहने वाले किसानों के पास दो दिन पहले अचानक तिर्वा तहसील से राजस्व टीम पहुंच गई। आरोप है कि टीम में नायब तहसीलदार, लेखपाल और कानूनगो शामिल थे। इन सभी लोगों ने ग्रामीणों को बताया कि उनके मकान सरकारी जमीन पर बने हैं जिसे खाली करना होगा। ग्रामीणों ने बताया कि वह लोग तो 50-60 सालों से यहां रह रहे हैं तो भी टीम के सदस्यों ने कोई बात नहीं सुनी और सभी से 10 हज़ार रुपये मांगने लगे।
10 से 1 हजार पर पहुंचे
ग्रामीणों का आरोप है कि जब 10 हजार रुपये देने के लिए कोई तैयार नहीं हुआ तो राजस्व अधिकारी और कर्मचारी 5-5 हजार रुपये मांगने लगे। फिर भी किसी ने पैसे नहीं दिए तो हजार-हजार रुपये की डिमांड की। जब हजार रुपये भी नहीं मिले तो उन लोगों ने किसी के नाम 15 लाख तो किसी के नाम 10 लाख और 8 लाख की आरसी काट दी।
इसके बाद लेखपाल ने किसानों उन लोगों ने किसी के नाम 15 लाख तो किसी के नाम 10 लाख और 8 लाख की आरसी काट दी।
विधायक के पास पहुंचे ग्रामीण
इससे परेशान होकर ग्रामीणों ने भाजपा के क्षेत्रीय विधायक कैलाश राजपूत से मुलाकात की और पूरा घटनाक्रम बताते हुए मकान बचाने की गुहार लगाई। ऐसे में गुरुवार दोपहर विधायक कैलाश राजपूत ग्रामीणों के साथ कलक्ट्रेट पहुंच गए। यहां उन्होंने डीएम से मिलने की इच्छा जताई, लेकिन पता चला कि डीएम न्यायालय में सुनवाई कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों के साथ एक शिकायती पत्र एडीएम को सौंपा और ग्रामीणों के मकान बचाने की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र एडीएम को सौंपा।
विधायक बोले- सीएम से करेंगे शिकायत
विधायक कैलाश राजपूत ने कहा कि ग्रामीणों को परेशान करने वाले अधिकारियों की शिकायत वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट आदेश है कि बुलडोजर किसी भी गरीब व्यक्ति के मकान पर नहीं चलेगा और इसके बावजूद भी यदि कोई अधिकारी बुलडोजर की धमकी ग्रामीणों को देता है तो निश्चित तौर पर उसके खिलाफ कार्यवाही कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि डीएम इस मामले को गम्भीरता से लेकर कार्यवाही करेंगे।










