बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। बिहार में वोटर अधिकार रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां के बारे में की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर कन्नौज के भाजपा नेताओं में आक्रोश है। भाजपा नेता और पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने गुरुवार को कोतवाली में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने सीओ सदर अभिषेक प्रताप अजेय को बताया कि बिहार की रैली में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव द्वारा पहले पीएम मोदी के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया जा रहा था अब उनकी दिवंगत मां के बारे में भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं और मंच से अभद्र नारे लगाए जा रहे हैं। जिससे हम सभी की भावनाएं आहत हुई हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी के खिलाफ़ पूरे देश मे आंदोलन का माहौल बन रहा है। देश की जनता मोदी से प्रेम करती है और उनके व उनकी दिवंगत मां के खिलाफ अपशब्द कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
मीडिया से बातचीत में सुब्रत पाठक ने कहा कि राहुल गांधी के बयान उनके बिगड़े मानसिक संतुलन को दर्शाते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो सड़कों पर आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष वीरसिंह भदौरिया पवन पांडेय, सन्दीप चतुर्वेदी, शरद मिश्रा, शिवेंद्र कुमार, मंगलम पांडेय, अचल अवस्थी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Post Views: 30








