बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बुधवार सुबह करीब 5 बजे एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार 30 से 32 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
यह बस दिल्ली से गोंडा जा रही थी, जिसमें लगभग 50 लोग सवार थे। ठठिया थाना क्षेत्र के 210 किलोमीटर पर पहुंचते ही बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। सूचना मिलने पर यूपीडा की पांच एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
हादसे की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी पाल और सीएमएस डॉ. दिलीप सिंह ने डॉक्टरों की टीमें लगाकर घायलों का इलाज शुरू कराया। उधर, सीओ तिर्वा कुलवीर सिंह और एसडीएम तिर्वा राजेश कुमार भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों से घटना की जानकारी ली।
बस यात्रियों ने बताया कि बस पलटते ही चीख-पुकार मच गई। कई यात्रियों ने शीशा तोड़कर बाहर निकलने का प्रयास किया। यात्रियों के अनुसार, बस एक्सप्रेस-वे पर तीन बार पलटी खाई। डबल-डेकर बस पर काफी सामान भी लदा हुआ था। यात्रियों ने बताया कि यह हादसा बस का स्टेयरिंग फेल होने के कारण हुआ।
घायलों में गोंडा के जमुनापुर्वा कटरा बाजार निवासी फौजदार, मुंशीपुर्वा निवासी राजेश कुमार, ज्ञानतैहा निवासी शुभम, गैगतैहिया निवासी जानवी, कटरा बाजार निवासी अजीत कुमार, देव पलिया निवासी जितेंद्र कुमार, कुंवरपुर करनैलगंज निवासी रामसागर और सतहरी निवासी शुभी समेत कई अन्य लोग शामिल हैं।
Post Views: 8










