बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री तथा पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार द्वारा जिला कारागार अनोगी का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभी बैरकों का भ्रमण कर बन्दियों की स्थिति, भोजन व्यवस्था, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा की। इस अवसर पर जेल अधीक्षक ने बताया कि जेल परिसर की नियमित जांच एवं निगरानी उनके तथा स्टाफ द्वारा प्रतिदिन की जाती है।
निरीक्षण के समय समस्त व्यवस्थाएँ संतोषजनक पाई गईं। उन्होंने निर्देश दिए कि कारागार में किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री प्रवेश न कर सके, इसके लिए उच्चस्तरीय सतर्कता बरती जाए। साथ ही, नए बन्दियों का स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य रूप से जेल चिकित्सकों द्वारा कराया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कारागार की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था तथा चिकित्सा सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि बन्दियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का समय-समय पर निरीक्षण कर किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि नियमित रूप से कारागार का निरीक्षण करते रहें, निरुद्ध बन्दियों की गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखें, तथा आवश्यकतानुसार समय-समय पर कारागार की स्थिति एवं बन्दियों की जानकारी उच्चाधिकारियों को प्रेषित करें।
इस दौरान जेल अधीक्षक भीमसेन सहित अन्य संबधित अधिकारी उपस्थित रहे l
Post Views: 20









