माइक्रोसॉफ्ट की 50वीं वर्षगांठ पर हंगामा, कर्मचारियों ने इजराइल से एआई डील का किया विरोध
मंच पर चढ़कर कर्मचारियों ने लगाया नरसंहार बढ़ावा देने का आरोप, ‘कोपायलट’ प्रजेंटेशन के दौरान कार्यक्रम में बाधा
माइक्रोसॉफ्ट की 50वीं वर्षगांठ का जश्न उस वक्त विवादों में घिर गया जब कंपनी के ही कर्मचारियों ने मंच पर चढ़कर इजराइली सेना को एआई तकनीक की आपूर्ति का जोरदार विरोध किया। कार्यक्रम के दौरान ‘माइक्रोसॉफ्ट एआई’ के सीईओ मुस्तफा सुलेमान, सह-संस्थापक बिल गेट्स और पूर्व सीईओ स्टीव बाल्मर के सामने यह हंगामा हुआ।
कर्मचारी इब्तिहाल अबुसाद ने मंच की ओर बढ़ते हुए सुलेमान को ललकारा और कहा, “मुस्तफा, तुम्हें शर्म आनी चाहिए।” उसने आरोप लगाया कि माइक्रोसॉफ्ट इजराइली सेना को एआई हथियार बेचकर गाजा में हो रहे नरसंहार को बढ़ावा दे रहा है। अबुसाद ने मंच पर ‘केफियेह स्कार्फ’ भी फेंका, जो फलस्तीनी समर्थन का प्रतीक है।
इसके कुछ ही देर बाद एक और कर्मचारी वानिया अग्रवाल ने भी विरोध जताते हुए समारोह में बाधा डाली, जब गेट्स, बाल्मर और वर्तमान सीईओ सत्य नडेला मंच पर मौजूद थे।
गौरतलब है कि हाल ही में एपी की एक जांच में सामने आया था कि गाजा और लेबनान में हुए हमलों में माइक्रोसॉफ्ट और ओपनएआई के एआई मॉडल्स का प्रयोग किया गया था।
कंपनी ने बयान जारी कर कहा, “हम सभी की आवाज़ सुनते हैं, लेकिन कामकाज में बाधा को स्वीकार नहीं कर सकते।” हालांकि, प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को कार्यक्रम से बाहर निकाल दिया गया और उनके कार्य खाते बंद कर दिए गए, जिससे संकेत मिलता है कि उन्हें नौकरी से निकाला जा सकता है।













