कन्नौज: नवाब सिंह की जमानत पर हाई कोर्ट में सुनवाई 15 को
• पॉक्सो एक्ट में जमानत के बाद गैंगस्टर मामले में बांदा जेल में हैं बंद
कन्नौज(BNE)किशोरी से दुष्कर्म के मामले में जमानत के बाद बांदा जेल में बंद गैंगस्टर के आरोपी व सपा नेता रहे नवाब सिंह यादव की जमानत पर अब हाईकोर्ट में न्यायालय संख्या 68 में 15 अप्रैल को सुनवाई होगी। इसको लेकर 7 अप्रैल को उनके वकील की तरफ से जवाब दावा दाखिल किया गया है।
गत वर्ष पूर्व ब्लाक प्रमुख व सपा नेता नवाब को उनके ही कॉलेज से किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उन पर पॉक्सो एक्ट में ने मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने आपराधिक मामलों को देखते हुए गैंगस्टर भी लगा दिया था। प्रकरण में पॉक्सो कोर्ट से जमानत हो चुकी है। वह जिला जेल में गैंगस्टर अधिनियम में बंद थे। पिछले दिनों जिला जेल में अधिक लोगों के नियम विरुद्ध तरीके से मिलाई करने के मामले में सीओ सिटी कमलेश कुमार ने नवाब व भाई नीलू की जेल बदले जाने की सिफारिश की थी। इस पर एसपी व जिलाधिकारी की संस्तुति से शासन ने दोनों को क्रमशः बांदा व कौशांबी जेल शिफ्ट करा दिया था।
इस मामले में स्थानीय न्यायालय से जमानत अर्जी खारिज होने के बाद नवाब की तरफ से प्रयागराज हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी। इसमें पिछली तारीख एक अप्रैल को उनके अधिवक्ता रघुवंश मिश्रा ने अनुपूरक हलफनामा प्राप्त होने का तर्क देते हुए न्यायालय से 7 अप्रैल तक का समय मांगा था। इस पर न्यायालय ने सुनवाई की तारीख लगाई थी। इस दिन हुई सुनवाई के दौरान वादी के वकील ने जवाब दावा दाखिल किया। दोनों पक्षों की प्रार्थना पर न्यायालय की तरफ से अगली सुनवाई की तारीख 15 अप्रैल तय की गई है। प्रकरण में सरकार की तरफ से अधिवक्ता आशुतोष श्रीवास्तव पैरवी कर रहे हैं।












