कन्नौज: सदर ब्लॉक प्रमुख के भतीजे पर प्राणघातक हमला, एक गिरफ्तार
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज(BNE)भाजपा सदर ब्लाक प्रमुख रामू कठेरिया के भतीजे विकास कठेरिया पर तीन युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे की है।
विकास कठेरिया सरायमीरा चौकी क्षेत्र के ठेकेदार गली में रहते हैं। वह दुकान से सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान जलालपुर सरवन गांव के तालिब खान और मोहम्मद अमन अपने एक साथी के साथ मिले। आरोपियों ने पहले विकास का रास्ता रोका। फिर गाली-गलौज शुरू कर दी।
विकास के विरोध करने पर दो युवकों ने उसे पकड़ लिया। तीसरे ने चाकू से पेट पर वार कर दिया। हमले में विकास लहूलुहान होकर गिर गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।













