USAID बंद होने से खतरे में एड्स के मरीज, UN ने दी चेतावनी
USAID बंद होने से खतरे में एड्स के मरीज, UN ने दी चेतावनी
हर दिन 2,000 नए एचआईवी संक्रमण का खतरा, ट्रंप प्रशासन के फैसले पर विवाद
संयुक्त राष्ट्र एड्स (यूएनएड्स) एजेंसी ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिकी सहायता (USAID) बहाल नहीं की गई, तो हर दिन 2,000 नए एचआईवी संक्रमण हो सकते हैं और अगले चार वर्षों में एड्स से संबंधित 6.3 मिलियन अतिरिक्त मौतें हो सकती हैं। यूएनएड्स की कार्यकारी निदेशक विनी ब्यानिमा ने कहा कि अब तक किसी अन्य सरकार ने इस कटौती की भरपाई करने का आश्वासन नहीं दिया है, जिससे वैश्विक स्वास्थ्य संकट गहराने की आशंका है।
डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने यूएसएआईडी पर अचानक रोक लगाकर वैश्विक हलकों में हलचल मचा दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस अमेरिकी एजेंसी पर दूसरे देशों में राजनीतिक अस्थिरता फैलाने और जैविक हथियारों से जुड़े रिसर्च को फंड करने के आरोप लगते रहे हैं। अब यूएसएआईडी कर्मचारियों को वाशिंगटन स्थित मुख्यालय न आने का निर्देश दिया गया है, और करीब 600 कर्मचारियों को उनके सिस्टम से बाहर कर दिया गया है।
इस फैसले पर अमेरिकी राजनीति में भी घमासान छिड़ गया है। डेमोक्रेटिक सांसदों का कहना है कि ट्रंप प्रशासन के पास कांग्रेस की मंजूरी के बिना यूएसएआईडी को बंद करने का संवैधानिक अधिकार नहीं है। यह एजेंसी वैश्विक विकास और मानवीय सहायता के लिए अहम मानी जाती है, और इसके बंद होने से लाखों लोगों की जान पर बन सकती है। अब सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि क्या यह फैसला पलटा जाएगा या फिर एड्स के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को बड़ा झटका लगेगा।













