बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। एक गांव में गुरुवार तड़के दो सगे भाइयों पर फायरिंग हुई। इसमें एक भाई के हाथ और पेट में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां डॉक्टर सावेद ने उसकी हालत स्थिर बताई है। पीड़ित के भाई ने एक युवक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
यह घटना सदर कोतवाली के जलालपुर चौकी क्षेत्र के सिमरापुर गांव की है। गांव निवासी मलिखान सिंह के बेटे अमित और अर्पित सुबह अपने काम से गांव के बाहर जा रहे थे। जब वे चंद्रपाल सिंह के घर के सामने पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद चंद्रपाल के बेटे योगेंद्र सिंह ने उन पर रिवॉल्वर से फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग के दौरान अर्पित के पेट को छूती हुई एक गोली निकल गई, जबकि दूसरी गोली उसके हाथ में लगी। सुबह-सुबह हुई इस घटना से गांव में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही जलालपुर पनवारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, आरोपी योगेंद्र सिंह तब तक फरार हो चुका था। पुलिस ने घायल अर्पित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायल अर्पित के भाई अमित ने योगेंद्र सिंह के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
तहरीर में अमित ने आरोप लगाया है कि योगेंद्र अपने भाई की लाइसेंसी रिवॉल्वर अपने पास रखता है और उसी से उसने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। बताया गया है कि दोनों परिवारों के बीच एक दीवार को लेकर पुराना विवाद चल रहा है, जिसके कारण उनमें अक्सर झगड़ा होता रहता था। इसी रंजिश के चलते यह फायरिंग की गई। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है
Post Views: 2










