बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन की इकाई के बैनर तले जिले के सभी एलपीजी वितरक देर शाम सड़कों पर उतर आए। उन्होंने तिर्वा क्रॉसिंग से शहीद स्थल सदर तहसील तक मोमबत्ती जुलूस निकाला। वितरकों ने सरकार से होम डिलीवरी शुल्क और सेवा दरों में बढ़ोतरी पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।
इस जुलूस में बड़ी संख्या में वितरक और उनके सहयोगी शामिल थे। सभी ने अनुशासन और संयम बनाए रखते हुए अपनी मांगों को सामने रखा। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि लगातार बढ़ती परिचालन लागत और सरकार की अनदेखी के कारण अब आंदोलन ही उनके पास एकमात्र विकल्प बचा है।
एसोसिएशन के सदस्यों ने कहाकि घर-घर गैस सिलेंडर की डिलीवरी का चार्ज बहुत ही मामूली है, जिससे उनके सामने परिवार के पालन-पोषण की समस्या हर वक्त रहती है। आर्थिक स्थिति दिन पर दिन खराब होती जा रही है।
एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि उनका यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आगे की रणनीति उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखकर ही तय की जाएगी हालांकि, एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो इस आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाया जाएगा।
Post Views: 9










