LUCKNOW :फील बैड-यूपी के सड़क हादसों में दर्जन भर मरे!
मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ।उत्तर प्रदेश में विभिन्न हादसों में दर्जन भर लोग मरे हैं।कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के शुक्ल भुजौली के समीप रविवार रात बारात की एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने गैस कटर की मदद से कार काटकर लोगों को बाहर निकाला। हादसे के शिकार सभी लोग कुशीनगर के रहने वाले हैं। कार चालक की पहचान ओमप्रकाश मद्धेशिया (33) पुत्र राम किशुन नारायणपुर चरगहां विजयपुर थाना रामकोला के रूप में हुई।हादसे में हरेंद्र मद्धेशिया, ओमप्रकाश मद्धेशिया, रंजीत मद्धेशिया, मुकेश, भीम यादव, रामकोला और एक अज्ञात की मौत हो गई।
रामपुर जिले की बिलासपुर में नैनीताल रोड पर बरात से वापस लौटते समय बाइक सवार पिता पुत्र और पुत्रवधु को भूसे से भरे ट्रक ने रौंद दिया। इससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में ले लिया। मरने वालों की पहचान केमरी थाना क्षेत्र के् सुनारखेड़ा गांव निवासी मियां जान (68) अपने बेटे मोहम्मद आमीन (37), उनकी बहू शकीना बी (35) रविवार की रात में बिलासपुर में किसी रिश्तेदार के यहां बरात में शामिल होने गए थे।हादसे के बाद चालक मय ट्रक के फरार हो गया।
सोमवार सुबह गाजियाबाद से नोएडा आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर आज सुबह सड़क हादसे में महिला की मौत के बाद भारी बवाल मच गया। सुबह करीब 5 बजे एसजेएम हॉस्पिटल के सामने एक टियागो कार ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार अनुज कुमार अपनी पत्नी मोनिका के साथ मंदिर से पूजा कर लौट रहे थे। इस हादसे में वह घायल हो गए,जबकि पत्नी मोनिका की मौके पर ही मौत हो गई।
सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र में एक मोटर साइकिल के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा जाने के कारण उस पर सवार दो भाइयों की मौके पर ही मौत हो गयी और एक अन्य युवक घायल हो गया।जानकारी के अनुसार दुद्धी थाना क्षेत्र के नगवां गांव निवासी दो भाई जगदीश प्रसाद (30) एवं वीर बहादुर (25) तथा उनका मित्र रामकेश (27) रविवार की देर शाम एक बारात में शामिल होने के लिए एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर बभनी जा रहे थे।
बभनी चौना मार्ग पर घाघरा गांव के पास मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई जिसके कारण जगदीश और वीर बहादुर की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी तथा रामकेश गंभीर रूप से घायल हो गया।”












