प्रमुख सचिव नगर विकास ने परखी योजनाओं की हकीकत
सूडा द्वारा संचालित समस्त योजनाओं की प्रमुख सचिव नगर विकास ने की समीक्षा
लखनऊ।(Bne) 2 जनवरी 2026 को प्रमुख सचिव नगर विकास,पी . गुरू प्रसाद ने राज्य नगरीय विकास अभिकरण सूडा द्वारा संचालित समस्त योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
उक्त समीक्षा बैठक में निदेशक सूडा अपूर्वा दुबे, विशेष सचिव, प्रवीन लक्षकार, वित्त नियंत्रक, संजीव गुप्ता, सहायक निदेशक, मोनिका वर्मा, कार्यक्रम अधिकारी अतुल सिंह चौहान सहित विभाग के समस्त अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।च्
समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव नगर विकास ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 1.0 एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के सफल क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 1.0 में 17 लाख से अधिक आवास पात्रों को दिए हैं। योजना के प्रथम चरण में लम्बित 64 हजार से अधिक आवासों को जल्द से जल्द तय समय सीमा में पूरा किया जाए। इसके साथ ही प्रमुख सचिव नगर विकास ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 की प्रगति का हाल भी जाना। निदेशक सूडा ने बताया कि प्रदेश में अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के अंतर्गत यूनिफाइड वेबपोर्टल के माध्यम से 23 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से चार लाख से अधिक आवेदनों के सत्यापन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। प्रमुख सचिव नगर विकास ने कहा प्रदेश के सभी स्थानीय शासी निकायों की आबादी के अनुरूप आवेदनों की संख्या के प्रतिशत का भी ध्यान रखा जाए। प्रमुख सचिव ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 में अब तक संपन्न हुई पांच सीएसएमसी की बैठकों में स्वीकृत आवासों का आंकड़ा भी जाना।
प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 1.0 के घटक एएचपी यानी किफायती दर पर आवास की प्रगति की समीक्षा भी की। जिन स्थानों पर एएचपी की प्रगति की गति धीमी है वहां पर प्राधिकरण व निजी डेवलपर्स के साथ ही नगर निगम व हाउसिंग बोर्ड से समन्वय बनाकर प्रोजेक्ट को त्वरित गति से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
लाइट हाउस प्रोजेक्ट यानी एलएचपी की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रमुख सचिव ने कहा कि जल्द से जल्द अवशेष कार्य पूरे कर लिए जाए। एलएचपी में सोलर पैनल लगाने सहित फनिशिंग आदि के जो भी कार्य अपूर्ण हैं उनको पूरा किया जाए।
प्रमुख सचिव नगर विकास ने प्रधानमंत्री स्वनिधि के प्रथम व द्वितीय चरण की प्रगति का भी हाल जाना। इसके साथ पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लखनऊ, आगरा व वाराणसी में संचालित होने वाली दीन दयाल जन आजीविका योजना-शहरी की प्रगति का भी हाल जाना। उक्त योजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के जीवन में आ रहे सकारात्मक परिवर्तनों को भी जाना।
इसके साथ ही डे-एनयूएलएम के अंतर्गत प्रदेश के चालीस जनपदों में संचालित होने वाली 50 शक्ति रसोई की प्रगति का हाल भी जाना। प्रमुख सचिव नगर विकास ने कहा कि शक्ति रसोई का संचालन एयरपोर्ट व मेट्रो स्टेशनों पर किया जाए तो यह इसकी ख्याति को और भी बढ़ा सकता है। निदेशक सूडा ने प्रमुख सचिव को अवगत कराया कि इस दिशा सूडा द्वारा संबंधित विभागों से पत्राचार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित व मलिन बस्ती योजना की समीक्षा करते हुए प्रमुख सचिव ने कहा कि विकास कार्यों में हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनपद स्तर पर टेंडर की व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के साथ ही यह भी ध्यान रखना आवश्यक है कि विकास कार्य निश्चित समय सीमा में पूरे किए जाएं।
उक्त समीक्षा बैठक में निदेशक सूडा ने प्रमुख सचिव नगर विकास के सम्मुख विभाग में रिक्त पड़े पदों के कारण योजनाओं के क्रियान्वयन में हो रहे विलम्ब के विषय में भी अवगत कराया। प्रमुख सचिव द्वारा जल्द इस समस्या के प्रभावी निस्तारण का आवश्वासन दिया गया।
Post Views: 22









