हेलीकॉप्टर में चम्पाई सोरेन, पोस्टमार्टम से किया मना
मनाली(BNE )-हिमाचल प्रदेश के मनाली में दोस्तों के साथ घूमने गए झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन के पोते वीर सोरेन की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वीर चार दिन पहले दोस्तों के साथ मनाली घूमने पहुंचे थे। शुरुआत में आशंका जताई जा रही थी कि अधिक ऊंचाई (हाई एल्टीट्यूड) पर जाने से उनकी तबीयत बिगड़ी, लेकिन अब तक की जांच में इस संभावना की स्पष्ट पुष्टि नहीं हो सकी है।
बताया गया है कि मंगलवार सुबह वीर ने अस्वस्थ महसूस किया और दोस्तों के साथ घूमने नहीं गए। वह होम-स्टे में ही रुके रहे। दोपहर में दोस्तों के लौटने पर उन्होंने सिरदर्द की शिकायत की। इसके बाद दोस्तों ने ऑनलाइन दवा मंगवाई। दवा लेने के बाद वह आराम करने चले गए। कुछ समय बाद कमरे से गिरने की आवाज सुनाई दी। जब दोस्त कमरे में पहुंचे तो वीर बिस्तर से नीचे गिरे हुए थे। उन्हें तुरंत मनाली के सिविल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने के दौरान उनके मुंह से झाग निकलने की बात सामने आई है। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
ऑनलाइन मंगवाई थी दवा
जानकारी के अनुसार दोस्तों ने उसे ऑनलाइन दवाई मंगवाकर दी थी, जिसे खाने के बाद वह सो गया। लेकिन कुछ देर बाद कमरे से गिरने की आवाज आई तो उसके दोस्त अंदर गए। उन्होंने देखा वीर बिस्तर से नीचे गिर गया था। दोस्तों ने उसे सिविल अस्पताल मनाली पहुंचाया। अस्पताल ले जाते समय मुंह से झाग निकला। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने उसके दोस्त अग्नय वर्मा निवासी उत्तर प्रदेश का बयान दर्ज किया है। मृतक के स्वजन मनाली पहुंच गए हैं।
हेलीकॉप्टर में चम्पाई सोरेन, पोस्टमार्टम से किया मना
वीर सोरेन के दादा पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन भी मनाली पहुंचे। उन्होंने शव का पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया। उन्होंने पोते का शव घर ले जाने की इच्छा जताई है। दोपहर को स्वजन शव लेकर चले गए। पूर्व सीएम किराये के हेलीकॉप्टर में मनाली पहुंचे थे। हेलीकॉप्टर में ही शव लेकर रवाना हो गए। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि वीर के शरीर पर चोट के निशान नहीं हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। परिवार के मना करने पर पोस्टमार्टम नहीं किया गया है।
Post Views: 4










