बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। जिला पुलिस और एसटीएफ लखनऊ की टीम ने एक लाख रुपये के इनामी बदमाश जसवंत उर्फ पंकज चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। यह बदमाश चार महीने से फरार था और एक महिला की हत्या तथा लूटपाट के मामले में वांछित था।
यह घटना 22 सितंबर 2025 को सदर कोतवाली क्षेत्र के कुतुलूपुर मोहल्ले में हुई थी। जसवंत और उसके भतीजे सूरज ने सुनीता श्रीवास्तव के घर में टाइल्स लगाने का काम करते हुए सुनीता की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। उन्होंने सुनीता की बड़ी बेटी दिया श्रीवास्तव को बंधक बनाकर घर में लूटपाट भी की थी।
इस मामले में पुलिस ने पहले ही बदमाश सूरज को रामपुर गढ़ी के पास मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था। जसवंत उर्फ पंकज चौहान तभी से फरार चल रहा था। जिस पर अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन ने एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया था।
कन्नौज पुलिस और एसटीएफ टीम को मुखबिर से तिर्वा क्षेत्र में जसवंत के होने की सूचना मिली। पुलिस टीमों ने घेराबंदी की। शुक्रवार दोपहर तिर्वा रोड पर उसकी बाइक खराब हो गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। जसवंत के पास से पुलिस ने एक चांदी की मूर्ति, एक चांदी की अंगूठी और 16,680 रुपए नकद बरामद किए हैं।
पुलिस पूछताछ में जसवंत ने कबूल किया कि उसने और उसके भतीजे (दामाद) सूरज कश्यप ने सुनीता के घर टाइल्स लगाते समय मौका देखकर सुनीता और उनकी बेटी को बंधक बनाया था। उन्होंने उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और सुनीता की हत्या कर घर से जेवर व रुपए लूटकर मोटरसाइकिल से भाग गए थे। उसने लूटे हुए जेवर विजय ज्वैलर्स, ग्राम छपिया, थाना तुलसीपुर को बेचे थे।
जसवंत ने बताया कि भतीजे सूरज के पकड़े जाने के बाद से वह इधर-उधर छिप रहा था। शुक्रवार को वह तिर्वा से कन्नौज आ रहा था, तभी तिर्वा रोड पर बाइक खराब हो गई। उसने अपनी मोटरसाइकिल मंदिर से आगे नायरा पेट्रोल पंप की तरफ खड़ी की थी, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
Post Views: 10










