सूत्रों के मुताबिक जल्द होगी सर्जरी
डॉक्टरों ने बताया कि ब्लड वेसल फटने से इंटरनल ब्लीडिंग हुई। इसलिए, सलीम खान की बुधवार को सर्जरी होगी। फिलहाल मामले में जानकारी का इंतजार है। इस बीच, सलमान खान और सलीम खान के फैन्स ने सोशल मीडिया पर चिंता जाहिर की है। लोग उनके जल्दी ठीक होने की दुआएं मांग रहे हैं। 90 साल के सलीम खान को हिंदी सिनेमा के इतिहास के सबसे असरदार स्क्रीनराइटर में से एक माना जाता है।
सलीम खान ने जावेद अख्तर के साथ मिलकर ‘शोले’, ‘दीवार’ और ‘डॉन’ जैसी सुपरहिट फिल्में लिखी हैं। अस्पताल के एक सूत्र ने बताया, “90 वर्षीय पटकथा लेखक को मंगलवार सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया।” पटकथा लेखक के स्वास्थ्य स्थिति के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं है। सलीम खान के बेटे सुपरस्टार सलमान खान, बेटी अलवीरा और दामाद अतुल अग्निहोत्री और आयुष शर्मा को अस्पताल में जाते हुए देखा गया।
सलीम खान पिछले साल 24 नवंबर को 90 वर्ष के हुए थे। इंदौर के एक समृद्ध परिवार से ताल्लुक रखने वाले खान स्टार बनने का सपना लेकर करीब 20 साल की उम्र में मुंबई आए थे। वह काफी आकर्षक थे। उन्हें भरोसा था कि वह एक अभिनेता के तौर पर फिल्म उद्योग में अपनी पहचान बनाएंगे। हालांकि, ऐसा नहीं हो सका। करीब एक दशक तक संघर्ष करने और फिल्मों में छोटी भूमिकाओं तक सीमित रहने के बाद उन्होंने अपना रास्ता बदल लिया।
उन्होंने अबरार अल्वी के सहायक के रूप में कार्य किया। इसके बाद जल्द ही उनकी मुलाकात जावेद अख्तर से हुई। फिर अख्तर और खान ने मिलकर करीब दो दर्जन फिल्मों पर काम किया, जिनमें से अधिकतर फिल्में ब्लॉकबस्टर साबित हुईं। सलीम खान और अख्तर की जोड़ी ने ‘शोले’, ‘दीवार’ और ‘डॉन’ के अलावा ‘त्रिशूल’, ‘जंजीर’, ‘सीता और गीता’, ‘हाथी मेरे साथी’, ‘यादों की बारात’ और ‘मिस्टर इंडिया’ जैसी फिल्मों की पटकथा भी लिखी थी।
Post Views: 5










